कुंभराज: पुरानी रंजिश में सैन परिवार भिड़ा, आधा दर्जन घायल, पुलिस जांच में जुटी
कुंभराज के मोगिया गली में पुरानी रंजिश के चलते एक ही समाज के दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ। ईंट-पत्थर और लाठियों से हुई मारपीट में महिलाओं-बच्चों समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संवाददाता: राजा हतम वेग
द क्लिफ न्यूज़ | कुंभराज | 5 सितंबर 2026
जिले के कुंभराज थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक ही समाज के दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में ईंट-पत्थर और लाठियों का जमकर इस्तेमाल किया गया, जिसमें महिलाओं और बच्चों सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना कुंभराज के वार्ड नंबर 06 और 07 की मोगिया गली में हुई, जहां एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घरातल पर स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि मौके पर पहुंची पुलिस को दोनों पक्षों को शांत कराने में मशक्कत करनी पड़ी।
प्रथम पक्ष का आरोप: रास्ता रोककर किया हमला
प्रथम पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कराने वाले हरिसिंह सैन (28), निवासी वार्ड 06 कुंभराज ने बताया कि दोपहर में वह बाजार सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान मोगिया गली में आरोपी चंदाबाई सैन, भगवान सैन, मंजीत सैन, सुनीता सैन, बाबूलाल सैन और सपना सैन ने पुरानी रंजिश का हवाला देते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब हरिसिंह ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर ईंट और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में हरिसिंह के सिर से खून बहने लगा और उनकी पसली व हाथ में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए उनके भाई नंदू सैन को भी आरोपियों ने ईंट मारकर घायल कर दिया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी पूरन मीणा और लेखराज मीणा ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
द्वितीय पक्ष का दावा: घर में घुसकर की मारपीट, मिली धमकी
वहीं, दूसरे पक्ष की फरियादिया चंदाबाई सैन (60), निवासी वार्ड 07 ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर एक जवाबी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी राजकुमार सैन से पुराना विवाद चल रहा है। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते दोपहर में हरि सैन, नंदू सैन, विजयकुमार सैन और राजकुमार सैन उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगे। जब उन्हें मना किया गया तो आरोपियों ने घर में घुसकर चंदाबाई, उनकी बहू सपना, सुनीता, बेटे भगवान सैन और नाती-नातिन मंजीत, यश, कीर्ति व तेजस्वनी के साथ जमकर मारपीट की। इस मारपीट के दौरान सुनीता नाली में गिर गई, जबकि कीर्ति और तेजस्वनी के सिर व माथे पर चोटें आईं। आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलते ही कुंभराज थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों द्वारा सुनाई गई रिपोर्ट के आधार पर क्रास एफआईआर दर्ज कर ली है। सभी घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस मामले की गहन विवेचना कर रही है और आगे की कार्रवाई तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
