BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

कृष्ण जन्मोत्सव: नरसिंहगढ़ के मंदिर में भव्य आयोजन, कान्हा-राधा सजावट प्रतियोगिता संपन्न

नरसिंहगढ़ स्थित मंदिर श्री जमात में श्री कृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास छाया रहा। पंचामृत स्नान, विशेष पोशाक और फूलों से सजे मंदिर में भक्तों ने भजन संध्या का आनंद लिया।

Few mins ago
2 मिनट में पढ़ें
संवाददाता: महेंद्र शर्मा
कृष्ण जन्मोत्सव: नरसिंहगढ़ के मंदिर में भव्य आयोजन, कान्हा-राधा सजावट प्रतियोगिता संपन्न

संवाददाता: महेंद्र शर्मा

द क्लिफ न्यूज़ | नरसिंहगढ़ | 5 सितंबर 2026

नरसिंहगढ़ के मंदिर श्री जमात में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव अत्यंत भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया गया। पूज्य गुरुदेव महंत श्री नंदराम दास जी महाराज की परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए, महंत श्री दीपेंद्र दास जी महाराज के मार्गदर्शन में मंदिर परिवार, भक्तों और महिला मंडल ने मिलकर इस पावन अवसर को यादगार बनाया।

जन्मोत्सव की तैयारियों में ठाकुर जी का पंचामृत से महामस्तक अभिषेक किया गया और उन्हें मथुरा से मंगाई गई विशेष पोशाक धारण करवाई गई। मंदिर को अनगिनत फूलों से सजाया गया, जिससे भक्तों को मथुरा जैसा दिव्य अनुभव प्राप्त हुआ। इस अवसर पर ठाकुर जी के लिए एक सुंदर हिंडोला भी सजाया गया।

मधुर भजनों से गूंजा मंदिर परिसर

रात्रि 8:00 बजे से प्रारंभ हुई भजन संध्या मध्य रात्रि 2:00 बजे तक चली। मुख्य भजन गायक सतीश अग्रवाल 'चाटु खेड़ा', शुभम ओझा, हर्षवर्धन सोलंकी, कुमारी अनुष्का पालीवाल और कुमारी आशा गोस्वामी ने अपनी मधुर आवाज में भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों से भक्त भाव विभोर हो गए और प्रभु की भक्ति में लीन होकर थिरकने लगे।

बाल-गोपालों के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित

मंदिर की भव्यता और उत्सव की धूम को देखकर, मानवीय सेवा समिति भोजपुरा के समन्वयक श्री अर्जुन सिंह ने नन्हे-नन्हे कान्हा और पूजन थाली सजावट की प्रतियोगिताएं आयोजित करने का निर्णय लिया। समिति की ओर से छोटे बच्चों को कान्हा के रूप में सजाने और महिला मंडल द्वारा विशेष पूजन थाली सजाने पर पुरस्कार दिए गए।

कान्हा और राधा की सजावट प्रतियोगिता में कनक गुप्ता और पीहू शर्मा ने प्रथम, मानसी नामदेव और छवी गुप्ता ने द्वितीय, जबकि उर्वशी साहू और प्रियांशी सोलंकी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पूजन थाली सजावट में गुनगुन अग्रवाल प्रथम, श्रीमती मंजू कमल गुप्ता द्वितीय और प्रीति कारण बिकावट तृतीय रहीं। इन सभी विजेताओं को अपर्णा शील्ड, माला और नगद राशि से सम्मानित किया गया। भक्तों ने समिति के इस प्रयास की सराहना की और श्री अर्जुन सिंह का आभार व्यक्त किया।

संपूर्ण श्री कृष्ण जन्मोत्सव का संचालन मंदिर श्री जमात के महंत श्री दीपेंद्र जी खाकी ने किया। उत्सव के अगले दिन, शनिवार को, महिला मंडल और मंदिर से जमात द्वारा शाम 4:00 बजे बधावा उत्सव का आयोजन भी किया गया।