खड़गे के अपमान और राहुल गांधी पर FIR के विरोध में भदोही में कांग्रेस का प्रदर्शन
भदोही में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित जातिवादी अपमान और राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज होने के विरोध में प्रदर्शन किया।

संवाददाता: शशि भूषण दूबे कंचनीय यूपी स्टेट ब्यूरो प्रमुख लखनऊ
द क्लिफ न्यूज़ | भदोही | 1 सितंबर 2026
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में कांग्रेस पार्टी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हल्द्वानी में हुए कथित जातिवादी "शुद्धिकरण अनुष्ठान" के विरोध में और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी (FIR) के खिलाफ मंगलवार को एक जोरदार प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बावजूद, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री वसीम अंसारी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी पार्क, ज्ञानपुर से बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक एक विरोध मार्च निकाला।
इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेसजनों ने हाथों में तख्तियां लेकर श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के सम्मान, सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जमकर नारेबाजी की। बारिश ने कार्यकर्ताओं के उत्साह और आक्रोश को कम नहीं किया।
लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर श्री दयाशंकर पांडेय ने कहा कि श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हल्द्वानी में हुआ कथित जातिवादी व्यवहार अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि श्री राहुल गांधी ने केवल इस घटना के दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन दोषियों पर कार्रवाई के बजाय उनके खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर दी गई। श्री पांडेय ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने का एक सोची-समझी साजिश बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी दमनकारी कार्रवाइयों से डरने वाली नहीं है और संविधान, लोकतंत्र व सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
जातिवादी कृत्य संविधान और समरसता का अपमान
जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के अध्यक्ष श्री वसीम अंसारी ने कहा कि श्री राहुल गांधी ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे के सम्मान और सामाजिक न्याय के लिए आवाज उठाई थी। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करना एक दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित कार्रवाई है। श्री अंसारी ने भाजपा-आरएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कथित "शुद्धिकरण अनुष्ठान" को न केवल श्री खड़गे का अपमान बताया, बल्कि इसे देश के संविधान, समानता और सामाजिक समरसता की भावना का भी अपमान करार दिया। उन्होंने मांग की कि ऐसे कृत्यों को अंजाम देने वालों के विरुद्ध भी कानून के तहत एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस विरोध मार्च में पूर्व जिला अध्यक्ष डाक्टर राजेंद्र कुमार दूबे राजन, राजेश्वर दूबे, मुशीर इकबाल, त्रिलोकी नाथ बिंद, सुबुकतगीन अंसारी, अवधेश पाठक, शबाना खातून, स्वालेह अंसारी, रमाशंकर बिंद, सुरेश चौहान, दुर्गेश तिवारी, अजय प्रजापति, शमशीर अहमद, मनोज गौतम, राजेंद्र प्रसाद मौर्य, करन मौर्य, विष्णु जी उपाध्याय, सुमित शुक्ला, शक्ति मिश्रा, राकेश पाल, संतोष पाल, विशाल गौतम, बंशीधर शुक्ला, सूबेदार गौतम, मकोई लाल बिंद, गुलाब धर प्रजापति सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
