कांग्रेस ने मनाई बिरसा मुंडा की जयंती, उनके संघर्षों को किया याद
मकरोनिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने महान स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती मनाई। नेताओं ने उनके बलिदानों को नमन किया और आदिवासी अधिकारों के लिए...

देवरी जिला सागर मध्यप्रदेश | संवाददाता: त्रिवेंद्र जाट
द क्लिफ न्यूज़ | 15 नवंबर 2026
मकरोनिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और अमर शहीद धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पूरी श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आरंभ कांग्रेसजनों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुआ।
इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने बिरसा मुंडा के पुण्य स्मरण करते हुए उन्हें स्वतंत्रता संग्राम का एक प्रमुख जननायक बताया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने मात्र 20 वर्ष की अल्प आयु में ब्रिटिश साम्राज्य के दमनकारी कानूनों को चुनौती दी थी। वे अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष करने वाले महान क्रांतिकारी थे, जिन्होंने आदिवासी समाज को जागरूक कर उनके अधिकारों और सामाजिक उत्थान के लिए ऐतिहासिक योगदान दिया।
जिला ग्रामीण कांग्रेस के संगठन महामंत्री आशीष ज्योतिषी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ आदिवासी समाज के सम्मान के लिए एक लंबी लड़ाई लड़ी। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देते हैं।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र कुर्मी ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में आर आर पारासर, कमलेश सिंह ठाकुर, सीमा कमल चौधरी, रोहित वर्मा और घनश्याम पटेल सहित अनेक कांग्रेस नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन पर अपने विचार व्यक्त किए। यह आयोजन उनके बलिदानों को याद रखने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
