इकदिल में शिक्षक दिवस पर छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों का किया सम्मान
इकदिल के आदर्श प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक दिवस पर विशेष कार्यक्रम हुआ। छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शिक्षकों के प्रति आभार और सम्मान व्यक्त किया।

द क्लिफ न्यूज़ | इकदिल | 5 सितंबर 2026
इकदिल के मोहल्ला कायस्थान स्थित आदर्श प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक दिवस को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों के प्रति अगाध सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक राम अवतार तिवारी द्वारा भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित करने के साथ हुई।
इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुशील सम्राट ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षक किसी भी समाज और राष्ट्र के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक न केवल ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं, बल्कि विद्यार्थियों को सुसंस्कारित, अनुशासित बनाते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करते हैं।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सम्मान समारोह
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मनमोहक गीतों और नृत्यों के माध्यम से उन्होंने अपने शिक्षकों के प्रति आदर और धन्यवाद ज्ञापित किया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य ऋचा तिवारी, सुमन चौहान, स्वेच्छा राजपूत, सुशीला देवी, प्रियांशी, अलफ़िशा, प्रियंका भदौरिया, दीप्ति, प्रियंका यादव, नीतू, जैनब, लवली गुप्ता सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस पावन अवसर को यादगार बनाया।
