हृदयाघात से सहायक उप निरीक्षक दहातोंडे शंकर सूर्यभान का निधन, RAF परिवार ने दी श्रद्धांजलि
107वीं RAF वाहिनी के सहायक उप निरीक्षक दहातोंडे शंकर सूर्यभान का 22 जुलाई को हृदयाघात से निधन हो गया। 24 जुलाई को वाहिनी परिसर में...

द क्लिफ न्यूज़ | रायसेन | 24 जुलाई 2026
107वीं वाहिनी रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) परिसर में 24 जुलाई 2026 को सहायक उप निरीक्षक/जीडी दहातोंडे शंकर सूर्यभान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्री सूर्यभान का 22 जुलाई 2026 को हृदयाघात के कारण दुखद निधन हो गया था, जिससे वाहिनी परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत वाहिनी के कमांडेंट श्री दीपक कुमार श्रीवास्तव द्वारा पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन समर्पित करने के साथ हुई। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी श्री मनीष महाले गोरख, वाहिनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी और बड़ी संख्या में जवानों ने हिस्सा लिया।
सेवाकाल को किया याद, नम थीं आंखें
कार्यक्रम के दौरान, उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवगंत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके उपरांत, पारंपरिक सलामी देकर सहायक उप निरीक्षक/जीडी दहातोंडे शंकर सूर्यभान को अंतिम सम्मान प्रदान किया गया।
कमांडेंट श्री दीपक कुमार श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में श्री दहातोंडे शंकर सूर्यभान के कर्तव्यनिष्ठ सेवाकाल को स्मरण करते हुए कहा कि वे एक अनुशासित और समर्पित कर्मी थे, जिन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया। उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
द्वितीय कमान अधिकारी श्री मनीष महाले गोरख ने भी दिवगंत सहायक उप निरीक्षक के कार्यों और समर्पण को याद किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मठ और समर्पित जवानों का योगदान संगठन के लिए सदैव प्रेरणादायी रहता है।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में, उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। वाहिनी परिवार ने दिवगंत सहायक उप निरीक्षक के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।
