गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा: 37 शिविरों में 20,307 मरीजों का निःशुल्क उपचार
गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 के दूसरे दिन बलरामपुर में 37 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन हुआ। इनमें 20,307 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं...

बलरामपुर उत्तर प्रदेश | संवाददाता: अनिरुद्ध प्रताप शुक्ल
द क्लिफ न्यूज़ | बलरामपुर | 23 नवंबर 2026
गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 के दूसरे दिन सोमवार को बलरामपुर जिले के विभिन्न विकासखंडों में 37 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से कुल 20,307 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। सबसे अधिक मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित पाए गए। इसके अतिरिक्त, गर्भवती महिलाओं, मधुमेह और रक्तचाप के रोगियों की भी गहन जांच कर उपचार किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट के निर्देशक डॉ. एमएलबी भट्ट, अवध प्रांत प्रचारक कौशल किशोर, गंगा सिंह, डॉ. ओएन पांडेय, अजिताभ दुबे, प्रवीण, जितेंद्र, डॉ. विशाल मिश्र, नीलमणि शुक्ल, विकासकांत पांडेय, डॉ. विकल्प मिश्र और जसवंत यादव ने गैसड़ी, पचपेड़वा, शिवपुरा और तुलसीपुर विकासखंडों के विभिन्न शिविरों का भ्रमण किया। उन्होंने लालनगर, सिपहिया, गैसड़ी, जरवा, सकरा और सकरी सहित कई स्थानों पर मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मेगा शिविर की तैयारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी द्वारा उपलब्ध कराई गई टीम ने शिविरों में रक्त जांच और बीपी चेकअप की सुविधा प्रदान की। इस दौरान रिसर्च टीम की डॉ. रिया और डॉ. शालिनी ने मरीजों का विस्तृत विवरण एकत्र किया। नेशनल मेडिकल ऑर्गेनाइजेशन के प्रांत सचिव शिवम मिश्र ने बताया कि आगामी मेगा शिविर में हृदय रोग, नेत्र, स्त्री रोग, दंत रोग और बाल रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का परीक्षण करेंगे।
देवीपाटन मंदिर में आयोजित होगा मुख्य चिकित्सा शिविर
जिला सचिव डॉ. विकल्प मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को देवीपाटन मंदिर परिसर में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक एक मेगा स्वास्थ्य शिविर का संचालन किया जाएगा। यात्रा संचालक रामपाल शुक्ल ने इस विशाल आयोजन के सफल संचालन में मुख्य भूमिका निभाई है। इस यात्रा का उद्देश्य दूरदराज के क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुगम बनाना है।
