गुना में दीपावली पर जाम से निजात: प्रशासन ने बनाई यातायात सुधार की रणनीति
गुना प्रशासन ने दीपावली पर यातायात सुगम बनाने रणनीति बनाई है। अतिक्रमण हटाए जाएंगे, फूल विक्रेताओं को स्थानांतरित किया जाएगा और जयस्तंभ पर ऑटो पार्किंग...

गुना | संवाददाता: राजा हतम वेग
द क्लिफ न्यूज़ | गुना | 13 अक्टूबर 2026
आगामी दीपावली पर्व के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और संभावित भीड़भाड़ को देखते हुए गुना प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिला कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और पुलिस अधीक्षक हितिका वासल की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर यातायात दबाव कम करने तथा अतिक्रमण हटाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक में त्योहारी सीजन में लोगों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई है।
बैठक में विभिन्न प्रमुख स्थानों पर यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए। हनुमान चौराहे पर फूल विक्रेताओं को स्थानांतरित कर व्यवस्था सुधरने और रेलवे तिराहे पर दुकानदारों को सड़क मार्किंग के साथ व्यवस्थित करने का निर्णय लिया गया है। जयस्तंभ चौराहे पर दुकानदारों द्वारा किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को तत्काल हटाने और वहां ऑटो पार्किंग की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने पर जोर दिया गया है। भुल्लनपुरा में रेलवे ब्रिज के दोनों ओर से सब्जी और अन्य ठेलों को हटाने के साथ-साथ सुरक्षा के लिहाज़ से सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी योजना है।
पार्किंग और मार्ग परिवर्तन की योजना
यातायात को सुगम बनाने के लिए, बजरंगगढ़ की ओर से आने वाले चार पहिया वाहनों को बायपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा, ताकि जयस्तंभ चौराहे पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। रेलवे ब्रिज पर भारी वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए गर्डर लगाए जाएंगे। लाहोटी तिराहे और सगुन चौराहे से सदर बाजार की ओर आने वाले यातायात के लिए वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी। सगुन चौराहे से सदर बाजार की ओर केवल दो पहिया वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति होगी, जिससे मुख्य बाजारों में भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
त्योहारी सीजन में पार्किंग की विशेष व्यवस्था
बाजार आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, 5 से 11 नवंबर 2026 तक बापू पार्क में वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए पार्क में अस्थायी रूप से लगी दुकानों को हटाया जाएगा। साथ ही, उत्कृष्ट विद्यालय परिसर को भी पार्किंग स्थल के रूप में उपयोग किया जाएगा। बोहरा मस्जिद के पास स्थित कचरा अड्डा को साफ करने के लिए नगर पालिका को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि स्वच्छता बनी रहे। इस बैठक में जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन, एसडीएम शिवानी पांडे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी शैलेश अवस्थी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
