गोण्डा: आधी रात को जुआ खेलते 12 जुआरी गिरफ्तार, 2.67 लाख नकद बरामद
गोण्डा पुलिस ने आधी रात को सुभाष नगर क्षेत्र में जुआ खेल रहे 12 लोगों को 2.67 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और ताश की...

गोण्डा | संवाददाता: बी पी त्रिपाठी
द क्लिफ न्यूज़ | गोण्डा | 19 नवंबर 2026
गोण्डा पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सुभाष नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे बारह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 17 और 18 नवंबर की मध्यरात्रि को हुई, जब गश्त पर निकली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग सोनू सोनी के घर के सामने खुले मैदान में स्ट्रीट लाइट की रोशनी में ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे हैं।
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक राम प्रकाश चंद के नेतृत्व में कोबरा मोबाइल टीम और स्थानीय पुलिस बल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त स्थान की घेराबंदी की और जुआ खेल रहे सभी बारह व्यक्तियों को रंगे हाथों पकड़ा। पुलिस द्वारा पकड़े गए अभियुक्तों में सगीर, राहुल, अमन, अकबर, इरफान, लल्लू उर्फ कपिल कुमार, मोहम्मद शोयेब, अनिल कुमार, असलम, नूर मोहम्मद, सोनू उर्फ शिवानन्द सोनी और अभिषेक कुमार शामिल हैं।
बड़ी मात्रा में नकदी और मोबाइल जब्त
पुलिस ने जुए की फड़ से 2,63,000 रुपये नकद बरामद किए। इसके अतिरिक्त, गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की जामा तलाशी में 4,190 रुपये और मिले, जिससे कुल बरामदगी 2,67,190 रुपये हुई। जब्त की गई सामग्री में 12 मोबाइल फोन, ताश की गड्डियां, सिगरेट के पैकेट और अन्य संबंधित वस्तुएं भी शामिल हैं।
सभी अभियुक्तों के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ निगरानी और सख्त कार्रवाई का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
