गो रक्षा: 27 जुलाई को 15 करोड़ हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपे जाएंगे
27 जुलाई को देशभर से 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राज्यपालों को सौंपे जाएंगे। गोहत्या-निषेध सहित 30 मांगों पर सरकार से...

द क्लिफ न्यूज़ | बलरामपुर | 24 जुलाई 2026
गोवंश की सुरक्षा, सेवा और सम्मान को लेकर चलाए जा रहे 'गो सम्मान आह्वान अभियान' के द्वितीय चरण की तैयारियां देश भर में पूर्ण हो चुकी हैं। आगामी 27 जुलाई 2026 को इस अभियान के तहत देशभर के सभी जिलों से लाखों नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र संबंधित जिलाधिकारियों के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संबंधित राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों को सौंपे जाएंगे। इस बार अभियान के माध्यम से सरकार को 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन प्रेषित किए जाने का लक्ष्य है।
यह अभियान गोहत्या-निषेध हेतु केंद्रीय कानून के निर्माण, गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, और गो-केंद्रित राष्ट्रीय नीतियों को कृषि, चिकित्सा, पर्यावरण, शिक्षा व मानव जीवन से जोड़ने जैसी 30 से अधिक प्रमुख मांगों को लेकर चलाया जा रहा है। ज्ञात हो कि इस अभियान का प्रथम चरण 27 अप्रैल 2026 को संपन्न हुआ था, जिसमें देश की लगभग 5,000 तहसीलों से 5 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र सरकार को सौंपे गए थे।
मांगों के समर्थन में जन-जागरण
पिछले छह माह से देशभर के संतों, गोसेवकों और गोभक्तों के नेतृत्व में 'गो सम्मान आह्वान अभियान' संचालित किया जा रहा है। इस दौरान गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के महत्व को लेकर व्यापक जन-जागरण अभियान चलाया गया। विभिन्न स्कूलों, जैसे बलरामपुर के गर्ल्स इंटर कॉलेज, मॉडर्न कॉलेज, डिवाइन पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर और शारदा पब्लिक स्कूल में भी गौरक्षा अभियान के जिला प्रभारी रविन्द्र गुप्ता कमलापुरी, डॉ. राकेश चन्द्र श्रीवास्तव, सुबीर श्रीवास्तव, स्पर्श श्रीवास्तव और यूथ एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष ने पहुंचकर बच्चों को गोवंश के प्रति सम्मान के लिए जागरूक किया और हस्ताक्षर अभियान चलाया।
अभियान के पदाधिकारियों के अनुसार, प्रथम चरण में सौंपी गई मांगों पर अब तक अपेक्षित निर्णय न लिए जाने के कारण द्वितीय चरण के अंतर्गत 27 जुलाई को पुनः अनुस्मारक (रिमाइंडर) के रूप में प्रार्थना-पत्र प्रेषित किए जाएंगे। इस बार हस्ताक्षरों की संख्या बढ़ाकर 15 करोड़ से अधिक करने का लक्ष्य है, जो गोवंश के प्रति जनभावनाओं का एक बड़ा प्रमाण होगा।
27 जुलाई की विस्तृत कार्ययोजना
बलरामपुर जिले में भी कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रभारी रवीन्द्र गुप्ता कमलापुरी ने बताया कि 27 जुलाई को सुबह 8 बजे शुभ मुहूर्त में गोमाता के पूजन और शंखनाद के साथ 'श्री राम जय राम जय जय राम' विजय मंत्र का सामूहिक जप प्रातः 9:15 बजे तक चलेगा। इसके पश्चात, सभी श्रद्धालु प्रातः 10:30 बजे हनुमानगढ़ी मंदिर, वीर विनय चौराहा से शांतिपूर्ण और अनुशासित प्रार्थना-यात्रा के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय की ओर प्रस्थान करेंगे। इस यात्रा में झंडे, बैनर, अभियान संदेश वाले प्लेकार्ड और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने पर, संत-महात्माओं, जिला कार्यकारिणी, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों के नेतृत्व में जिलाधिकारी महोदय के माध्यम से सरकार को प्रार्थना-पत्र एवं ज्ञापन सौंपा जाएगा। नागरिकों से इस 'महायज्ञ' में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने और पारंपरिक वेशभूषा में निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए आयोजित इस अभियान को सफल बनाने का विनम्र आग्रह किया गया है। इस अवसर पर जिले के संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी, मातृशक्ति, युवा, किसान सहित बड़ी संख्या में गोभक्तों की उपस्थिति की उम्मीद है।
