दिल्ली लाठीचार्ज से उपजा आक्रोश, बलरामपुर में पेपर लीक के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन
बलरामपुर में अम्बेडकर वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और...

द क्लिफ न्यूज़ | बलरामपुर | 23 जुलाई 2026
राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर कथित लाठीचार्ज की घटना के विरोध में बलरामपुर में गुरुवार दोपहर अम्बेडकर वाहिनी के बैनर तले बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर केंद्र और राज्य सरकारों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का दुर्भाग्यपूर्ण प्रयास बताया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से देशभर के युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है, लेकिन सरकार इस माफिया पर प्रभावी कार्रवाई करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाने की कोशिश बेहद निंदनीय है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और कुछ मीडिया संस्थानों के खिलाफ भी नारे लगाए।
पेपर लीक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
आंदोलन को देखते हुए प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे और भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इसके बाद, प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। इस ज्ञापन में मांग की गई कि दिल्ली लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ कठोर कानून के तहत त्वरित कार्रवाई और देश भर में पारदर्शी व निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली लागू करने की भी मांग की गई है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
अम्बेडकर वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही ठोस कदम नहीं उठाए गए और छात्रों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया गया, तो बलरामपुर में भी इस मुद्दे पर व्यापक और उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक जगराम पासवान, जिला उपाध्यक्ष शफीउल्ला खां, विजय मौर्य, संजय कुमार, महिला सभा की पूर्व अध्यक्ष शबाना खान, सद्दाम हुसैन, अनुरुद्ध यादव, आनंद कुमार, पप्पू यादव, गणेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
