दमोह: पेपरलेस निरीक्षण रिपोर्ट और गौवंश प्रबंधन पर कलेक्टर ने कसा शिकंजा
दमोह में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने समय-सीमा बैठक में पेपरलेस निरीक्षण रिपोर्ट व्यवस्था का जायजा लिया। 3 सितंबर को मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर की तैयारियों के निर्देश भी दिए।

द क्लिफ न्यूज़ | दमोह | 31 अगस्त 2026
दमोह जिले में अब निरीक्षण रिपोर्टों की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने समय-सीमा बैठक में प्रदेश की पहली पेपरलेस निरीक्षण रिपोर्ट व्यवस्था पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुरू की गई यह पेपरलेस व्यवस्था जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक तत्काल सूचना प्रेषण सुनिश्चित करेगी। इस प्रणाली से निरीक्षण से जुड़ी रिपोर्टें तेजी से संबंधित अधिकारियों तक पहुंच सकेंगी, जिससे कार्यप्रणाली में और अधिक पारदर्शिता आएगी।
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर की तैयारी
श्री यादव ने आगामी 3 सितंबर को जनपद कार्यालय पटेरा परिसर में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के संबंध में आवश्यक तैयारियों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे शिविर स्थल पर समय से उपस्थित होकर सौंपे गए दायित्वों को सुनिश्चित करें। यह अभियान प्रदेश में पहली बार शुरू किया जा रहा है, जिसके माध्यम से नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान का अवसर मिलेगा।
सड़कों से गोवंश को गौशालाओं में शिफ्ट करने के निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर ने नगरीय एवं ग्रामीण निकायों के अधिकारियों को सड़कों पर गोवंश के विचरण को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन सड़कों पर गोवंश की उपस्थिति की निगरानी की जाए और ऐसे पाए जाने वाले पशुओं को अविलंब गौशालाओं में शिफ्ट किया जाए। इस कार्य की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को सौंपी गई है। इस पहल का उद्देश्य सड़कों पर यातायात बाधित होने की समस्या को कम करना और गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। बैठक में वन मंडल अधिकारी ईश्वर जरांडे एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
