भिंड: शराब के नशे में बेटे ने मां पर कुल्हाड़ी से वार कर की हत्या
भिंड जिले के गोपालपुरा गांव में शराब के नशे में धुत बेटे ने अपनी 65 वर्षीय मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर निर्मम हत्या कर...

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
द क्लिफ न्यूज़ | 23 अक्टूबर 2026
भिंड जिले के बरोही थाना क्षेत्र के गोपालपुरा गांव में शुक्रवार की शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक पुत्र ने अपनी ही वृद्ध मां की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 65 वर्षीय रामजानकी देवी पत्नी मथुरा सिंह परिहार के रूप में हुई है।
घटना के अनुसार, शुक्रवार शाम को आरोपी राघवेन्द्र परिहार नशे की हालत में घर पहुंचा। घर पहुंचते ही उसका अपनी मां के साथ किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर राघवेन्द्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और अपनी मां पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी राघवेन्द्र घटनास्थल से फरार हो गया।
पुलिस की जांच और आरोपी की तलाश
कुछ समय बाद, जब मृतका का मंझला बेटा उपेन्द्र परिहार घर लौटा, तो उसने अपनी मां को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। इस दिल दहला देने वाले दृश्य को देखकर वह स्तब्ध रह गया और उसने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवा दिया है।
फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मर्च्यूरी में रखा गया है। परीक्षण शनिवार की सुबह किया जाएगा। पुलिस ने इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपी राघवेन्द्र परिहार की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस के आला अधिकारी मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं।
इस घटना के कारण गोपालपुरा गांव और आसपास के इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग इस कलयुगी पुत्र के कृत्य से स्तब्ध हैं। पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
