BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

भिंड पुलिस ने दीपावली से पहले पकड़ा अवैध कार्बाइड गन निर्माता, 7 गन जब्त

भिंड पुलिस ने दीपावली के मद्देनज़र अवैध कार्बाइड गन बनाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से 7 कार्बाइड गन, वेल्डिंग मशीन और...

Few hours ago
3 मिनट में पढ़ें
•संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
भिंड पुलिस ने दीपावली से पहले पकड़ा अवैध कार्बाइड गन निर्माता, 7 गन जब्त

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे

द क्लिफ न्यूज़ | 25 अक्टूबर 2026

दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनज़र जिला प्रशासन की सतर्कता के बीच भिंड पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने माधौगंज हाट क्षेत्र में एक वेल्डिंग दुकान से अवैध रूप से कार्बाइड गन (पोटास गन) का निर्माण कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से सात कार्बाइड गन, वेल्डिंग उपकरण और भारी मात्रा में निर्माण सामग्री जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 40 से 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

कलेक्टर पवन कुमार जैन द्वारा पूर्व में जारी आदेशों के अनुसार, विस्फोटक पदार्थ भरकर अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाली कार्बाइड गनों के क्रय, विक्रय, भंडारण और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद, आरोपी अपनी वेल्डिंग की दुकान में गुप्त रूप से इन अवैध हथियारों का निर्माण कर रहा था। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन में, नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के मार्गदर्शन में इस अभियान को संचालित किया गया।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

थाना प्रभारी अनीता गुर्जर के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम को 25 अक्टूबर को मुखबिर से सटीक सूचना प्राप्त हुई थी कि माधौगंज हाट के पास स्थित एक वेल्डिंग दुकान में अवैध कार्बाइड गन का निर्माण किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दुकान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान आरोपी अपनी दुकान में इन अवैध बंदूकों को बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

जब्त की गई सामग्री और दर्ज मामला

पुलिस द्वारा की गई तलाशी में मौके से सात पोटास कार्बाइड गन, पांच वेल्डिंग छड़, एक वेल्डिंग मशीन और एक लोहे का हथौड़ा बरामद किया गया। इस जब्त की गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत चालीस से पचास हजार रुपये तक आंकी गई है। थाना सिटी कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि आरोपी इन अवैध कार्बाइड गनों को किन-किन लोगों को और किस उद्देश्य से सप्लाई करने की फिराक में था।

इस पूरी कार्रवाई में निरी. अनीता गुर्जर के साथ-साथ सउनि. दीपक तोमर, नीरज भदौरिया, रामबरन, बृजमोहन सिंह, संदीप राजावत, राघवेन्द्र तोमर और अभिषेक यादव ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रखे जाएंगे ताकि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाया जा सके।

संबंधित समाचार