भिंड: पैसे व बाइक न मिलने पर बेटे ने कुल्हाड़ी से मां की हत्या की
भिंड जिले के बरोही थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने मां की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। पैसे और मोटरसाइकिल की मांग पूरी न...

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
द क्लिफ न्यूज़ | 24 अक्टूबर 2026
भिंड जिले के बरोही थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पुत्र ने अपनी ही माँ की निर्मम हत्या कर दी। फरियादी योगेंद्र सिंह परिहार द्वारा 23 अक्टूबर 2026 को पुलिस में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, उनके पुत्र ने घर पर मोटरसाइकिल में आग लगा दी और अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला किया। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 68/26, धारा 103(1) और 326(जी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के त्वरित खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। थाना प्रभारी अतुल भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और उससे कड़ाई से पूछताछ की। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपनी माँ से घूमने के लिए पैसे और मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था। माँ के इनकार करने पर उसने पहले घर में खड़ी मोटरसाइकिल में आग लगा दी और फिर गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से अपनी माँ पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी दुखद मृत्यु हो गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी को 24 घंटे के भीतर सुलझाने में थाना प्रभारी अतुल भदौरिया, बाबू जादौन, त्रिवेन्द्र सिंह, मयंक दुबे, दीवान सिंह, राहुल यादव, विकास चौहान, अनिल तोमर, मुनेष तोमर, विशाल यादव, राहुल शुक्ला और ज्योति तोमर की टीम की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के चौबीस घंटे के भीतर ही हत्यारोपी सलाखों के पीछे पहुँच गया है। मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
