भिंड में त्योहारों के मद्देनज़र यातायात सुधारा: कलेक्टर ने दिए कड़े निर्देश
भिंड कलेक्ट्रेट में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर पवन कुमार जैन ने आवारा मवेशियों को हटाने और यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश...

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
द क्लिफ न्यूज़ | 23 अक्टूबर 2026
भिंड कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, ब्लैक स्पॉट के सुधार और आवारा मवेशियों के प्रबंधन जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, अपर कलेक्टर राजन बी नाडिया और एसडीएम महेंद्र सौजन्या सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान, कलेक्टर जैन ने नगर पालिका को आगामी तीन दिनों के भीतर मुख्य बाजार के प्रवेश द्वारों पर रेडियम युक्त बैरियर लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुभाष तिराहा और पुरानी गल्ला मंडी से मंशापूर्ण मंदिर के बीच भारी वाहनों के प्रवेश को प्रतिबंधित कर उन्हें बायपास की ओर मोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। इन संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी आदेश दिया गया है।
आवारा मवेशियों से निजात और गौशालाओं में स्थानांतरण
सड़कों पर आवारा मवेशियों की बढ़ती संख्या और उनके कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पूर्व में ऐसी घटनाओं में कई लोगों और मवेशियों की जान जा चुकी है। उन्होंने निर्देश दिया कि अब जिला पंचायत और नगर पालिका की एक संयुक्त टीम सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाएगी और उन्हें चिन्हित गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार के सहयोग न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ब्लैक स्पॉट पर सुधार और त्वरित चिकित्सा सहायता
सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य बिंदुओं पर चर्चा करते हुए, कलेक्टर ने एमपीआरडीसी (MPRDC) को शहर के सभी पांचों ब्लैक स्पॉट पर रंबल स्ट्रिप और उपयुक्त साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को निर्देशित किया कि किसी भी सड़क दुर्घटना की सूचना तत्काल यातायात प्रभारी को साझा की जाए, ताकि दुर्घटना पीड़ितों को प्रधानमंत्री राहत योजना का त्वरित लाभ मिल सके।
पीएम राहत योजना में लापरवाही पर कार्रवाई
कलेक्टर ने इस बात पर जोर देते हुए चेतावनी दी कि प्रधानमंत्री राहत योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बरतने वाले आयुष्मान कॉर्डिनेटरों को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया जाएगा। त्योहारों से पहले नगर पालिका को मुख्य सड़कों की मरम्मत और विशेष सफाई अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहरवासी सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में त्योहार मना सकें।
