भिंड में पुलिस स्मृति दिवस: कर्तव्यपथ पर शहीद वीर जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
भिंड रक्षित केंद्र में पुलिस स्मृति दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख में शहीद हुए पुलिसकर्मियों और...

भिण्ड | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
द क्लिफ न्यूज़ | भिंड | 21 अक्टूबर 2026
देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीर जवानों की स्मृति में भिंड रक्षित केंद्र में पुलिस स्मृति दिवस का आयोजन किया गया। इस गरिमापूर्ण समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों ने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत एक विशेष शोक परेड के साथ हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। एसएसपी सूरज कुमार वर्मा ने 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी आक्रमणकारियों से मुकाबला करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से स्मरण किया।
कर्तव्य पथ के वीर शहीदों का स्मरण
समारोह के दौरान, एसएसपी वर्मा ने अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच देश भर में अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए शहीद हुए वीर पुलिसकर्मियों की नामावली पढ़ी। नामावली के पठन के पश्चात, उपस्थित अधिकारियों, जवानों और गणमान्य नागरिकों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए और वीर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
शहीद परिवारों का विशेष सम्मान
जिला पुलिस प्रशासन ने इस आयोजन में जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया था। वरिष्ठ अधिकारियों ने शहीद परिवारों को शॉल और श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया गया। यह एक भावनात्मक क्षण था, जिसमें उपस्थित सभी लोगों ने शहीदों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस समारोह में सीएसपी निरंजन राजपूत, एसडीओपी रविन्द्र वास्कले, डीएसपी सुबोध लोखंडे, डीएसपी सतीश चौहान, एसडीओपी संजय, एसडीओपी महेंद्र गौतम और रक्षित निरीक्षक अरविंद सिकरवार सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी मौजूद थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवानों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने अमर शहीदों की आत्म-शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
