भिंड आरटीओ में नियमों की धज्जियां: UP के निवासियों को बन रहे ड्राइविंग लाइसेंस
भिंड परिवहन कार्यालय में नियमों का उल्लंघन कर उत्तर प्रदेश के निवासियों के ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। ग्वालियर से संचालित हो रहे...

Bhind | संवाददाता: दीपेंद्र बौहरे
द क्लिफ न्यूज़ | 26 नवंबर 2026
जिला परिवहन कार्यालय भिंड में नियमों को दरकिनार कर दूसरे राज्यों के निवासियों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का एक बड़ा खेल सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि भिंड आरटीओ का पूरा विभागीय कामकाज जिले से न होकर ग्वालियर के दर्पण कॉलोनी से संचालित हो रहा है। विभागीय मिलीभगत के चलते उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के आवेदकों के ड्राइविंग लाइसेंस महज आठ से दस हजार रुपये में धड़ल्ले से बनाए जा रहे हैं।
इस मामले में हाल ही में उत्तर प्रदेश के दो स्थायी निवासियों के ड्राइविंग लाइसेंस भिंड आरटीओ से जारी होने का खुलासा हुआ है। इनमें तेजेन्द्र सिंह पुत्र सुरेश सिंह, ग्राम सोप्ता, जिला जालौन, और ज्योति चौहान पत्नी अंकुर सिंह, होम्स सेक्टर-10, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गौतमबुद्ध नगर, शामिल हैं।
ग्वालियर से संचालित हो रहा है आरटीओ का कामकाज
आरोप है कि इस पूरे रैकेट में कार्यालय की बाबू रेखा तोमर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आरटीओ अधिकारी राजेंद्र सोनी और बाबू सोनम पाल की सांठगांठ से भिंड दफ्तर के बजाय ग्वालियर स्थित दर्पण कॉलोनी से दलालों के माध्यम से फाइलें तैयार करवाई जाती हैं। इन फाइलों में लेन-देन के बाद बाहरी राज्यों के दस्तावेजों के आधार पर सीधे लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार, कोई भी परिवहन कार्यालय तब तक दूसरे राज्यों के निवासियों का ड्राइविंग लाइसेंस जारी नहीं कर सकता, जब तक कि आवेदक के पास उस क्षेत्र में निवास का वैध प्रमाण पत्र न हो। इसके बावजूद, बाहरी राज्यों के निवासियों को नियमों के विरुद्ध लाभ पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए परिवहन आयुक्त और जिला कलेक्टर से इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कराने और इसमें संलिप्त अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
