भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों का भव्य विकास होगा: राज्यमंत्री लोधी
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि कृष्ण स्थलो का विकास होगा। कृष्ण पाथेय न्यास के गठन से प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।

द क्लिफ न्यूज़ | दमोह | 5 सितंबर 2026
मध्य प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा है कि आने वाले समय में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण स्थलों को भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी और आने वाली पीढ़ियां भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं संदेश से और अधिक जुड़ सकेंगी।
राज्यमंत्री श्री लोधी 'श्रीकृष्ण पर्व' नामक कार्यक्रम के दौरान मानस भवन सभागार में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम जन्माष्टमी के पावन अवसर पर संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों को विकसित करने का कार्य प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत उज्जैन स्थित सांदीपनि आश्रम से की गई है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा ग्रहण की थी।
'कृष्ण पाथेय न्यास' का गठन एवं उद्देश्य
श्री लोधी ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संस्कृति विभाग द्वारा 'कृष्ण पाथेय न्यास' का गठन किया गया है। इस न्यास का मुख्य उद्देश्य उन सभी स्थानों को चिन्हित करना है जो भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े हैं। इन चिन्हित स्थलों को विकसित कर एक 'कृष्ण पाथेय' के रूप में स्थापित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु भगवान के जीवन और संदेश को बेहतर ढंग से समझ सकें।
जनमानस से जुड़े कृष्ण के संदेश
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पटेल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण प्रत्येक मां के कन्हैया हैं। वहीं, कलेक्टर श्री यादव ने अपने संबोधन में कहा कि फल की चिंता किए बिना पूरी निष्ठा से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना ही भगवान श्रीकृष्ण की सच्ची सीख है। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री शिवहरे ने जोर देकर कहा कि कृष्ण लीलाओं के आयोजन से सनातन संस्कृति का संदेश जन-जन तक पहुंचेगा। इस अवसर पर दमोह शहर लोक और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया, जहां श्रीकृष्ण पर्व में बुंदेली संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।
