बरेली: खेत विवाद में विकलांग भाई की गला घोंटकर हत्या, चार हिरासत में
बरेली के कुरतरा गांव में खेत के मालिकाना हक को लेकर उपजे विवाद में 45 वर्षीय विकलांग दीपचन्द्र सक्सेना की गला घोंटकर हत्या कर दी...

बरेली उत्तर प्रदेश | संवाददाता: इज़हार आलम
द क्लिफ न्यूज़ | बरेली | 22 अक्टूबर 2026
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के कुरतरा गांव में गुरुवार रात 45 वर्षीय विकलांग दीपचन्द्र सक्सेना की निर्मम हत्या कर दी गई। गला घोंटने के बाद चाकू से वार कर उसकी जान ली गई। शुक्रवार सुबह जब परिजन कमरे में चाय लेकर पहुंचे, तो दीपचन्द्र का शव देखकर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे खेत के मालिकाना हक को लेकर मृतक दीपचन्द्र और उसके छोटे भाई सतीश के बीच पुराना विवाद बताया जा रहा है। सतीश को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है, जिसकी पत्नी भी उसे छोड़ चुकी है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि दीपचन्द्र ने अपने पिता की गिरवी रखी दो बीघा जमीन छुड़ाकर उस पर खेती करना शुरू कर दिया था। इसी जमीन के बंटवारे को लेकर सतीश लंबे समय से रंजिश पाले हुए था। पिछले साल भी सतीश ने दीपचन्द्र पर जानलेवा हमला किया था।
अवैध शराब बिक्री और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा
ग्रामीणों के अनुसार, दीपचन्द्र विकलांग होने के कारण अवैध रूप से देशी शराब बेचता था। वह कस्बा से शराब लाकर घर पर ही बेचता था, जिसके चलते अक्सर उसके कमरे पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था। पुलिस ने घटनास्थल से शराब के छह पौआ और वह डंडा भी बरामद किया है, जिसके इस्तेमाल से गला घोंटा गया।
भाई समेत चार लोग हिरासत में, जांच जारी
परिवारजनों और ग्रामीणों के शक के आधार पर पुलिस ने दीपचन्द्र के छोटे भाई सतीश और उसके बताए गए तीन अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही हत्या की गुत्थी सुलझाई जाएगी। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
