बरेली: अवैध पटाखों के गोदाम पर पुलिस का छापा, 433 किलो से अधिक विस्फोटक जब्त
बरेली में पुलिस ने डोहरा रोड स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर 433.51 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार...

बरेली उत्तर प्रदेश | संवाददाता: इज़हार आलम
द क्लिफ न्यूज़ | बरेली | 20 अक्टूबर 2026
बरेली पुलिस ने दीपावली के त्योहार के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बिथरी चैनपुर पुलिस ने डोहरा रोड स्थित एक गोदाम पर अचानक छापेमारी कर 433.51 किलोग्राम अवैध विस्फोटक पटाखे बरामद किए हैं। इन पटाखों को 21 कार्टूनों में छिपाकर रखा गया था।
पुलिस ने इस संबंध में कंवलप्रीत सिंह नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में 45 वर्षीय कंवलप्रीत, जो मॉडल टाउन बारादरी का निवासी बताया गया है, अवैध रूप से पटाखे जमा करने और बेचने के मामले में कोई भी वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने स्वीकार किया कि ये पटाखे आगामी त्योहारों और शादी-विवाह के सीजन में बेचने के लिए जमा किए गए थे।
अवैध भंडारण पर त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक उत्तरी और क्षेत्राधिकारी हाईवे के पर्यवेक्षण में यह संयुक्त कार्रवाई संपन्न हुई। इस अभियान में तहसीलदार सदर भी पुलिस के साथ मौजूद रहे। थाना बिथरी चैनपुर के प्रभारी राजेश बाबू मिश्रा, उपनिरीक्षक योगेंद्र कटारे और अंकुर के नेतृत्व में पुलिस बल ने गोदाम की तलाशी ली और बड़ी मात्रा में अवैध पटाखों को जब्त किया।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
गिरफ्तार आरोपी कंवलप्रीत सिंह के खिलाफ थाना बिथरी चैनपुर में मुकदमा अपराध संख्या 623/26 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5/9(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर विधिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर पटाखों का अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी, ताकि सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
