अटल जी की पुण्यतिथि: बलरामपुर से जुड़ाव आज भी जीवंत, लोगों ने की यादें साझा
बलरामपुर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। लोगों ने उनके बलरामपुर से जुड़े राजनीतिक और सामाजिक जीवन को याद किया।

द क्लिफ न्यूज़ | बलरामपुर | 16 अगस्त 2026
रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर बलरामपुर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लोगों ने उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बलरामपुर से जुड़े उनके विशेष लगाव और स्मृतियों को साझा करते हुए, उपस्थित लोगों ने उन्हें 'राजनीति का अजातुशत्रु' बताया।
धर्मपुर भगवतीगंज स्थित अर्पण मैरिज हॉल में आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोंडा विधायक प्रतीक भूषण शरण सिंह थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर डॉ. आचार्य देवराज दास महाराज, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मयंक कुशवाहा और भाजपा जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी मौजूद रहे। सदर विधायक पलटूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश शुक्ल, इकौना विधायक रामफेरन पांडेय, पूर्व सांसद दद्दन मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि कुमार मिश्र, आदर्श नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरु, वरिष्ठ भाजपा नेता विनय कुमार मिश्र, कुशाग्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
बलरामपुर से अटल जी का गहरा नाता
मुख्य अतिथि प्रतीक भूषण शरण सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का बलरामपुर से जुड़ाव आज भी लोगों के दिलों में जीवंत है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 1957 में अटल जी ने बलरामपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर पहली बार संसद में प्रवेश किया था। इस चुनाव में बलरामपुर की जनता ने उन पर जो विश्वास और स्नेह दिखाया था, उसे उन्होंने जीवनभर संजोकर रखा।
भाजपा जिला प्रभारी ने पूर्व प्रधानमंत्री के ओजस्वी वाणी, सरल व्यक्तित्व, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और राष्ट्रसेवा की भावना को आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने इस संबंध को और गहराई से रेखांकित करते हुए कहा कि बलरामपुर से अटल जी का रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं था, बल्कि यहां की जनता के साथ उनका एक आत्मीय संबंध था, जिसे आज भी लोग श्रद्धा के साथ याद करते हैं।
कार्यक्रम आयोजक और पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी की पौत्री अंजली मिश्रा ने उपस्थित लोगों को अंगवस्त्र और अटल जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, श्रद्धांजलि सभा में अटल जी से जुड़े रहे लोगों के परिवारजनों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाओं को साड़ी और लंच पैकेट का भी वितरण किया गया।
