54वें विजय दिवस पर सुदर्शन चक्र कोर ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
मंगलवार को 54वें ‘विजय दिवस’ के अवसर पर सुदर्शन चक्र कोर ने सुदर्शन चक्र युद्ध स्मारक पर शहीदों और वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित...

मंगलवार को 54वें ‘विजय दिवस’ के अवसर पर सुदर्शन चक्र कोर ने सुदर्शन चक्र युद्ध स्मारक पर शहीदों और वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर आयोजित पुष्पांजलि समारोह में देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले भारतीय सेना के जवानों को स्मरण कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद चौहान, वाईएसएम, एसएम, जीओसी 21 कोर ने पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर वीर शहीदों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित किया। समारोह में सेना के अधिकारी, जवान और पूर्व सैनिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि 16 दिसंबर 1971 को भारत-पाक युद्ध के दौरान पूर्वी पाकिस्तान की सेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल आमिर अब्दुल्ला खान नियाज़ी ने 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों के साथ भारतीय सेना के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। इसी ऐतिहासिक विजय की स्मृति में हर वर्ष 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाया जाता है, जो पाकिस्तान पर भारत की गौरवशाली जीत का प्रतीक है।
