BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
National

सस्ते सोने का लालच देकर ठगी: 5 हजार रुपये लेकर फर्जी सोने की ईंट थमाने वाला आरोपी गिरफ्तार

नजीराबाद क्षेत्र में एक 30 वर्षीय युवक से फर्जी सोना बेचकर 5 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर...

Dec 19
2 मिनट में पढ़ें
सस्ते सोने का लालच देकर ठगी: 5 हजार रुपये लेकर फर्जी सोने की ईंट थमाने वाला आरोपी गिरफ्तार

नजीराबाद क्षेत्र में एक 30 वर्षीय युवक से फर्जी सोना बेचकर 5 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नजीराबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नकली सोने की ईंट बरामद की है।

नजीराबाद थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि फरियादी दयाल सिंह गुर्जर (30), ग्राम बांदीखेड़ी, नजीराबाद का निवासी है और खेती-किसानी करता है। कुछ दिन पहले वह रनाहा जोड़ इलाके में खड़ा था, तभी एक व्यक्ति उसके पास आया और खुद को खेत में काम के दौरान सोने की ईंट मिलने की बात कहने लगा। आरोपी ने पैसों की तत्काल जरूरत बताते हुए सोने को सस्ते दाम पर बेचने का प्रस्ताव रखा।

आरोपी की बातों में आकर दयाल सिंह ने सोना खरीदने की हामी भर दी। आरोपी ने जांच के लिए कथित सोने की ईंट का एक छोटा टुकड़ा दिया और एडवांस के तौर पर 5 हजार रुपये ले लिए। करीब दो घंटे तक दोनों के बीच बातचीत चलती रही। इसके बाद आरोपी ने वह सैंपल वापस ले लिया और अगले दिन पूरा सोना देने का वादा किया।

जब दयाल सिंह ने आरोपी से नाम पूछा तो उसने अपना नाम असरार खान बताया और खुद को विदिशा जिले के सतनपाड़ा गांव का निवासी बताया। बाद में संदेह होने पर दयाल सिंह ने पूरे मामले की शिकायत नजीराबाद थाने में दर्ज कराई।

पुलिस ने आरोपी असरार खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने नकली सोने की ईंट दिखाकर लोगों से ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके पास से करीब 800 ग्राम वजन की फर्जी सोने की ईंट बरामद की है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने इसी तरीके से और कितने लोगों को ठगा है।