BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
The Cliff News
Regional

2027 चुनाव: कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव अब्दुल हन्नान ने बलरामपुर में फूंका चुनावी बिगुल

राष्ट्रीय सचिव अब्दुल हन्नान ने बलरामपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन विस्तार और 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने बेरोजगारी, अपराध और पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाने की बात कही।

Few hours ago
3 मिनट में पढ़ें
संवाददाता: अनिरुद्ध शुक्ल
2027 चुनाव: कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव अब्दुल हन्नान ने बलरामपुर में फूंका चुनावी बिगुल

संवाददाता: अनिरुद्ध शुक्ल

द क्लिफ न्यूज़ | बलरामपुर | 8 सितंबर 2026

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं अवध जोन के नवनियुक्त सह-प्रभारी अब्दुल हन्नान ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बलरामपुर में संगठनात्मक दौरे के तहत एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। एमएलके पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित इस सम्मेलन में उन्होंने पार्टी के विस्तार, चुनावी रणनीति और मौजूदा सरकार की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की।

अपने प्रभार संभालने के बाद गोंडा और अब बलरामपुर एवं श्रावस्ती के दौरे का उल्लेख करते हुए अब्दुल हन्नान ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना, जमीनी स्तर की समस्याओं को समझना और संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी।

2027 चुनाव के लिए कांग्रेस की रणनीति

हन्नान ने आगामी विधानसभा चुनावों को जनता के बीच सरकार की कथित विफलताओं को उजागर करने का अवसर बताया। उन्होंने बेरोजगारी, बढ़ते अपराध, पेपर लीक की घटनाओं, युवाओं के रोजगार पर संकट, सरकारी स्कूलों की बदहाली और राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा वसूली जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही। इन मुद्दों को सड़क पर उठाकर कांग्रेस जनता का विश्वास जीतने का प्रयास करेगी।

INDIA गठबंधन और सीटों का तालमेल

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच संभावित सीटों के तालमेल पर पूछे गए सवाल पर अब्दुल हन्नान ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस 'INDIA' गठबंधन के तहत पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के बीच बातचीत जारी है और कांग्रेस को उम्मीद है कि गठबंधन में उन्हें सम्मानजनक सीटें मिलेंगी, जिससे कार्यकर्ताओं का भ्रम दूर होगा।

सांसद इमरान मसूद द्वारा सपा के खिलाफ दिए गए बयानों पर उन्होंने कहा कि वह उनका व्यक्तिगत विचार हो सकता है, लेकिन पार्टी की आधिकारिक लाइन यही है कि गठबंधन पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगा।

'दिमागी नक्सल' टिप्पणी पर कांग्रेस का रुख

राजनीति में 'दिमागी नक्सल' जैसे शब्दों के प्रयोग पर अब्दुल हन्नान ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो लोग अपने अधिकारों और जनता की समस्याओं की बात करते हैं, उन्हें ऐसे नामों से बदनाम करने का प्रयास किया जाता है। यह आरोप लगाने वालों के मानसिक विचलन का संकेत है।

उन्होंने दिल्ली और बिहार जैसे राज्यों में विपक्षी सरकारों द्वारा शुरू की गई लोकलुभावन योजनाओं (जैसे खातों में सीधे राशि भेजना) पर भी सवाल उठाए। हन्नान ने कहा कि ऐसे वादों के बाद अब लोगों को शर्तें और नोटिस थमाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश की जनता राजनीतिक रूप से सजग है और वह इस तरह की जुमलेबाजी में नहीं आने वाली।

इस दौरान सोहेल अख्तर अंसारी प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक विभाग, कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिवलाल कोरी, पूर्व जिला अध्यक्ष अनुज सिंह, पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, डॉक्टर पंकज गुप्ता सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।