नीमच के ग्रामीण विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर पर परचम, नमन के सौर ऊर्जा मॉडल को मिला दूसरा स्थान
टाटा पावर और अगस्त्य इंटरनेशनल फाउंडेशन की पहल से ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच। बेंगलुरु में सफलता के बाद अब दिल्ली के राष्ट्रीय ऊर्जा मेले...

द क्लिफ़ न्यूज़, नीमच
विज्ञान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नीमच जिले के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। बेंगलुरु में आयोजित नवीकरणीय ऊर्जा मेले में शासकीय माध्यमिक विद्यालय बोरदिया के कक्षा सातवीं के विद्यार्थी नमन सेन की सौर ऊर्जा चालित स्मार्ट बोरवेल मशीन ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है।
टाटा पावर और अगस्त्य इंटरनेशनल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस मेले में देश के सात राज्यों के लगभग 135 विद्यार्थियों ने नवीकरणीय ऊर्जा पर आधारित 70 से अधिक वैज्ञानिक मॉडल प्रस्तुत किए। नीमच जिले की ओर से तीन वैज्ञानिक परियोजनाओं ने इस आयोजन में प्रतिनिधित्व किया।
शासकीय हाई स्कूल डीकेन के कक्षा आठवीं के विद्यार्थी दीपक खटीक ने स्मार्ट चोरी-रोधी अलार्म, जबकि सोमीर और युवराज ने स्मार्ट घरेलू स्वचालन प्रणाली का प्रदर्शन किया। इन परियोजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने दैनिक जीवन की समस्याओं के तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए।
बेंगलुरु में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब नीमच के तीनों मॉडल दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय ऊर्जा मेले एवं विज्ञान प्रदर्शनी में प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा अर्धवार्षिक परीक्षाओं के कारण बेंगलुरु नहीं पहुंच सके शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल डीकेन के समर हुसैन के हरित ऊर्जा आधारित स्मार्ट पालने तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रतनगढ़ की नैना एवं भव्य की सौर ऊर्जा आधारित स्मार्ट भूमि-जल निकासी प्रणाली को भी दिल्ली में प्रदर्शन का अवसर मिलेगा।
आयोजन के दौरान विद्यार्थियों ने अगस्त्य इंटरनेशनल फाउंडेशन के लगभग 173 एकड़ में फैले मेगा विज्ञान केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण भी किया। उन्होंने जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, खगोल विज्ञान, डीएनए, गुरुगृहा, सेंसोरियन और नवाचार हब सहित विभिन्न प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान की अवधारणाओं और दैनिक जीवन में उनके उपयोग को समझा।
टाटा पावर की ‘लैब ऑन अ बाइक’ एवं ‘क्लब एनर्जी’ पहल के माध्यम से ग्रामीण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, ऊर्जा संरक्षण, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। अगस्त्य इंटरनेशनल फाउंडेशन के सहयोग से विद्यार्थियों को व्यावहारिक विज्ञान शिक्षा और नवाचार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
नीमच के ग्रामीण विद्यालयों के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि बताती है कि उचित मार्गदर्शन, संसाधन और प्रोत्साहन मिलने पर ग्रामीण प्रतिभाएं भी विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं। अब दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय प्रदर्शनी इन विद्यार्थियों को अपने नवाचारों के प्रदर्शन का एक और महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
