BREAKING
Revolutionary climate technology breakthrough announced • Championship finals draw record 150M+ viewers • Global markets surge following policy changes • New discovery in quantum computing promises faster processors
Regional

दुर्गा पंडाल में बेकाबू कार का कहर, तीन की मौत, पांच घायल; मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये

बेकाबू कार ने पंडाल में मचाई तबाही, तीन लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा।

Few hours ago
4 min read
दुर्गा पंडाल में बेकाबू कार का कहर, तीन की मौत, पांच घायल; मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये

चालक हिरासत में, शराब के नशे में होने के आरोप की जांच जारी।

 

मुख्यमंत्री योगी ने घोषित की आर्थिक सहायता, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये।

 

 

 

अनिरुद्ध प्रताप शुक्ल, संवाददाता

द क्लिफ़ न्यूज़, बलरामपुर

 

बलरामपुर जिले में शनिवार रात दुर्गा पूजा के माहौल में उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सड़क किनारे लगे दुर्गा पंडाल में घुस गई और वहां मौजूद लोगों को रौंद दिया। कोतवाली देहात क्षेत्र के चरन गहिया बेल्हा गांव में रात करीब 10:30 बजे हुए इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

 

जानकारी के अनुसार, गांव में सड़क किनारे दुर्गा माता का मंदिर है। मंदिर के बगल में सड़क से नीचे टेंट लगाकर पर्दे पर वीडियो दिखाया जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित हो गई और टेंट का एक हिस्सा तोड़ते हुए वहां मौजूद लोगों पर चढ़ गई। हादसे में पांच लोग घायल हुए। दुर्घटना में एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई, जबकि कार को भी नुकसान पहुंचा। कुछ अन्य लोगों को हल्की चोटें आईं, लेकिन वे उपचार के लिए अस्पताल नहीं पहुंचे।

 

इलाज के दौरान तीन लोगों ने दम तोड़ा

 

हादसे में घायल मनोज सिंह (30), गणेश कुमार (40) और पातेश्वरी (36) की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, छेदी गुप्ता, डब्लू गुप्ता, मुकेश तिवारी और धूप राम सहित घायलों का इलाज जारी है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

 

फोन आने से मंदिर चले गए थे प्रत्यक्षदर्शी

 

घटनास्थल पर मौजूद जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वह रात करीब 10 बजे तक पंडाल में थे। इसी बीच फोन आने पर वह मंदिर चले गए। उनके अनुसार, कुछ ही देर बाद कार लोगों को कुचलते हुए पंडाल में घुस गई। उन्होंने कहा कि यदि वह उस समय पंडाल में मौजूद होते, तो संभव है कि वह भी हादसे की चपेट में आ जाते।

 

एक प्रत्यक्षदर्शी ने आरोप लगाया कि कार चालक शराब के नशे में था। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू सहित दुर्घटना के अन्य कारणों की जांच कर रही है।

 

पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया

 

हादसे की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली और देहात कोतवाली की पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को पकड़ लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की आर्थिक सहायता की घोषणा

 

बलरामपुर हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की सहायता करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

 

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को उपचार के लिए पचास-पचास हजार रुपये की सहायता देने की बात कही गई है।

 

प्रशासनिक अधिकारियों और विधायक ने लिया जायजा

 

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड सिंह और सदर विधायक पलटूराम ने घटनास्थल का जायजा लिया। विधायक ने संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी तथा उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार और घटना की जांच पर नजर रखी जा रही है। दुर्गा पंडाल में हुई इस दर्दनाक दुर्घटना ने उत्सव के माहौल को मातम में बदल दिया। तीन लोगों की मौत से प्रभावित परिवारों में शोक है, वहीं हादसे के कारणों और जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं।

 

Related News