दमोह जिले के बटियागढ़ में 29 अगस्त को मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम होगा
बटियागढ़ में जन विश्वास का अभियान आज से शुरू होगा,33 टीमें गांव - गांव पहुंचकर सुनेंगी पीड़ा ।

कलेक्टर यादव ने बताया कि रक्षाबंधन अवकाश के कारण कार्यक्रम की तारीख बदली गई है।
शिविर में आधार कार्ड, स्वास्थ्य जांच और आयुष्मान कार्ड की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
द क्लिफ न्यूज़, दमोह
मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के अवकाश के चलते यह आयोजन अब शनिवार 29 अगस्त को जनपद पंचायत बटियागढ़ परिसर में होगा। इस बार कार्यक्रम का दायरा काफी व्यापक रखा गया है, जिसमें 33 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। जिले के अधिकारियों की 33 टीमें अलग-अलग गांवों में जाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगी।
अधिकारियों की टीमें स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्रों और अन्य शासकीय संस्थानों का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान वे क्षेत्र की विकास आवश्यकताओं और स्थानीय समस्याओं की जानकारी लेंगी। ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रस्ताव भी तैयार किए जाएंगे। प्रशासन का लक्ष्य हर गांव तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
शिविर स्थल पर आमजन के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। आधार कार्ड अपडेशन, ई-विकास पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग, स्वास्थ्य जांच शिविर और श्रम धन मानधन योजना के तहत कार्ड निर्माण जैसी सेवाएं दी जाएंगी। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड बनाने और अन्य शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे।
कलेक्टर श्री यादव ने बटियागढ़ विकासखंड के सभी नागरिकों से अपील की है कि जब अधिकारी उनके क्षेत्र में पहुंचें तो वे अपनी वास्तविक समस्याओं से उन्हें अवगत कराएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अधिकारी समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास करेंगे। साथ ही नागरिकों से शिविर में पहुंचकर सेवाओं का लाभ उठाने की भी अपील की गई है। प्रशासन की यह पहल जनता और सरकार के बीच सीधा सेतु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
